कवर्धा में बनेगा सर्वसुविधायुक्त ‘सियान सदन’, वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी नई सौगात
कवर्धा नगर पालिका परिषद द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए सर्वसुविधायुक्त ‘सियान सदन’ भवन का भूमिपूजन किया गया। 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में वरिष्ठजनों के लिए विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l शहर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सर्वसुविधायुक्त ‘सियान सदन’ भवन का भूमिपूजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका की पूरी टीम, पेंशनर अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों के लिए बनने वाले इस विशेष भवन को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बताया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, सुविधा तथा सामाजिक सहभागिता के लिए नगर पालिका लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘सियान सदन’ केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि यह वरिष्ठजनों के लिए आत्मीयता, सम्मान और संवाद का केंद्र बनेगा, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकेंगे और विभिन्न गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा 30 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी राशि से सियान सदन का निर्माण किया जाएगा। भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा ताकि वरिष्ठजनों को बेहतर वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आवश्यक कार्यवश उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने दूरभाष के माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। नगर पालिका अध्यक्ष ने मंच से ही वरिष्ठ नागरिकों की उपमुख्यमंत्री से बातचीत करवाई। इस दौरान विजय शर्मा ने वरिष्ठजनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सियान सदन का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कर निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने दूरभाष के माध्यम से मुख्य नगर पालिका अधिकारी और उप अभियंता को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि सियान सदन भवन में वरिष्ठजनों के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यहां बैडमिंटन कोर्ट, विशाल हॉल, लाइब्रेरी, शतरंज सहित अन्य मनोरंजन के साधनों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को घर से लाने और वापस छोड़ने के लिए बैटरी चालित ऑटो की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर अधिकारी-कर्मचारियों ने नगर पालिका परिषद और जनप्रतिनिधियों के इस प्रयास की सराहना की। लोगों ने कहा कि यह पहल वरिष्ठजनों के सम्मान और उनकी सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षद मनोज गुप्ता, सुनील साहू, योगेश चंद्रवंशी, सुरेन्द्र पाण्डेय, सौखी आहिरवार, दीपक सिन्हा, अनिल साहू, कैलाश कौशिक, हरीश कुंभकार, सोनु उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।