कोरबा में आधी रात खूनी तांडव: ASI के बेटे को बोलेरो से कुचला, पत्रकार का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, फायरिंग और लूट की वारदात

कोरबा में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने ASI के बेटे को बोलेरो से कुचल दिया, जबकि पीछा कर रहे युवा पत्रकार का कथित अपहरण कर उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित के अनुसार फायरिंग की गई, पिस्टल कनपटी पर तानी गई और लाखों रुपए के सामान व नकदी लूटकर अधमरा छोड़ दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Jun 7, 2026 - 10:50
 0  4
कोरबा में आधी रात खूनी तांडव: ASI के बेटे को बोलेरो से कुचला, पत्रकार का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, फायरिंग और लूट की वारदात

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, कोरबा जिले में शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि एक के बाद एक हुई घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। शहर के बुधवारी बाईपास से लेकर बलगी मोड़ तक अज्ञात हमलावरों द्वारा कथित रूप से किए गए हमले में एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक युवा पत्रकार के साथ अपहरण, मारपीट, फायरिंग और लूटपाट जैसी गंभीर वारदात सामने आई है।

यूनाइटेड न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे बुधवारी बाईपास क्षेत्र में कुछ युवक अपनी कार के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद बोलेरो वाहन वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद वाहन हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी बीच ASI रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे (दादू) जैसे ही वाहन से बाहर निकले, बोलेरो चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार में वाहन बढ़ाते हुए उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद युवक के साथ मौजूद साहिल निर्मलकर और युवा पत्रकार अरविंद राठौर ने बोलेरो का पीछा शुरू किया। बताया जा रहा है कि एनटीपीसी मार्ग होते हुए बलगी क्षेत्र पहुंचने पर हमलावरों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। आरोप है कि रास्ते में पत्रकार अरविंद राठौर को स्कूटी से खींचकर नीचे गिराया गया और जबरन वाहन में बैठाकर ले जाया गया।

पीड़ित के अनुसार बलगी क्षेत्र में 25 से 30 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान एक आरोपी ने कथित रूप से पिस्टलनुमा हथियार उनकी कनपटी पर तान दिया और दो राउंड फायरिंग भी की। गंभीर मारपीट के बाद हमलावरों ने उन्हें मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया।

आरोप है कि हमलावर जाते समय पत्रकार के पास मौजूद लगभग एक लाख रुपये नकद, आईफोन, सोने की अंगूठी और गले की चेन भी लेकर फरार हो गए। कुछ समय बाद होश आने पर पीड़ित ने अपने दूसरे मोबाइल से साथियों को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

दूसरी ओर ASI के पुत्र चंद्रमणि रात्रे को भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हुए। पुलिस टीम बुधवारी बाईपास से लेकर बलगी मोड़ तक घटनास्थलों की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और संदिग्धों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और हमलावरों का उद्देश्य कौन था। पूरे मामले ने शहर में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं।