तस्करों के हमलों पर कांग्रेस का हमला, कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
छत्तीसगढ़ में तस्करों द्वारा सरकारी अमले पर हमले की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कानून व्यवस्था को बिगड़ा हुआ बताते हुए गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ में तस्करों द्वारा सरकारी अमले पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और “जंगलराज” की स्थिति बन गई है।
धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा कानून व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि गृह मंत्री अपनी जिम्मेदारी निभाने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अब सरकारी अमले पर भी हमला करने से नहीं डर रहे हैं। महासमुंद जिले के पटेवा में शराब तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें थानेदार सहित एक महिला आरक्षक घायल हो गई। वहीं मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में रेत तस्करों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई और कर्मचारियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब कानून के रखवाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में तस्करी का जाल तेजी से फैल रहा है और रेत, शराब तथा नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी खुलेआम हो रही है।
धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर तस्करों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में प्रदेश तस्करों का गढ़ बन गया है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर अपराधों पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में रेप, गैंगरेप, हत्या, लूट और डिजिटल ठगी जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके अलावा गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री, जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियां भी तेजी से बढ़ रही हैं।
कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और कानून व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि अपराध के आंकड़ों को छिपाकर या गलत जानकारी देकर स्थिति को नहीं सुधारा जा सकता।
अंत में उन्होंने कहा कि राज्य में भय और असुरक्षा का माहौल बन चुका है, जिसे सुधारने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। अन्यथा जनता का भरोसा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।