पुलिस अधीक्षक के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामवासियों ने पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन और थाना प्रभारी रेंगाखार जंगल निरीक्षक अरविंद साहू का स्वागत किया।
कबड्डी प्रतियोगिता में क्षेत्र के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं को नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस जन चौपाल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों के बीच बैठकर क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की बातों को सुना और संबंधित विषयों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या या शिकायत पुलिस के सामने रखने में संकोच नहीं करना चाहिए। पुलिस से संबंधित शिकायत या सूचना मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से शासन-प्रशासन से संबंधित समस्याओं की जानकारी भी संबंधित विभागों तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों के निराकरण के लिए पुलिस और प्रशासन के स्तर पर आवश्यक समन्वय किया जा सकता है।
जन चौपाल के दौरान यातायात नियमों को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने और शराब या अन्य नशीले पदार्थों के प्रभाव में वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने सड़क सुरक्षा को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।
साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने अनजान फोन कॉल, मैसेज और वीडियो कॉल पर भरोसा नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, ATM या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते का विवरण, UPI PIN, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
ग्रामीणों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने और ऑनलाइन निवेश या लालच देने वाले संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल को सूचना देने की अपील की गई।
कबीरधाम पुलिस के अनुसार सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के लिए खेल प्रतियोगिताओं, जन चौपाल और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम खारा में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों, खिलाड़ियों और क्षेत्र के नागरिकों की सहभागिता रही।