दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मिले मंत्री केदार कश्यप, बस्तर शिल्प भेंट कर दी बधाई

दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से छत्तीसगढ़ के वन, सहकारिता एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप और प्रदेश प्रवक्ता सीए अमित चिमनानी ने मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बस्तर शिल्प और राज्य सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक भेंट की गई।

Jan 8, 2026 - 16:40
 0  13
दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मिले मंत्री केदार कश्यप, बस्तर शिल्प भेंट कर दी बधाई

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह,रायपुर | आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष  नितिन नबीन से छत्तीसगढ़ के वन, सहकारिता एवं परिवहन मंत्री  केदार कश्यप एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सीए अमित चिमनानी ने उनके दिल्ली स्थित निज निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने  नबीन को उनके नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

मुलाकात के दौरान मंत्री  केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक बस्तर शिल्प  नितिन नबीन को भेंट किया। उन्होंने कहा कि बस्तर शिल्प न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि यहां के कारीगरों की कला, परिश्रम और आत्मनिर्भरता का भी प्रतीक है। यह उपहार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सीए अमित चिमनानी ने भी  नितिन नबीन को अपनी स्वरचित कविता “पिता होते तो माथा चूम लेते हैं, पुत्र अपने का गौरव गान कर लेते” भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित अपनी लिखित पुस्तक भी उन्हें सप्रेम भेंट की। पुस्तक में राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए नवाचार, सुशासन और विकासात्मक पहलों का विस्तार से उल्लेख किया गया है।

नितिन नबीन ने इस आत्मीय भेंट और शुभकामनाओं के लिए मंत्री  केदार कश्यप एवं सीए अमित चिमनानी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास मॉडल देश के लिए प्रेरणादायी है।

मुलाकात के दौरान संगठनात्मक विषयों, छत्तीसगढ़ में भाजपा की गतिविधियों तथा आगामी रणनीतियों को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। यह भेंट न केवल औपचारिक शिष्टाचार तक सीमित रही, बल्कि पार्टी संगठन और राज्य सरकार के बीच समन्वय और संवाद को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।