विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण, विधायक दीपेश साहू ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बेमेतरा के कोबिया वार्ड स्थित शासकीय हाई स्कूल परिसर में वन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक दीपेश साहू ने जामुन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और नागरिकों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

Jun 5, 2026 - 18:12
 0  2
विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण, विधायक दीपेश साहू ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वनमंडल दुर्ग एवं जिला बेमेतरा द्वारा नगर पालिका क्षेत्र के कोबिया वार्ड स्थित शासकीय हाई स्कूल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय साहू, भाजपा रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई। विधायक दीपेश साहू ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विद्यालय परिसर में जामुन का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और वृक्ष संवर्धन का संदेश दिया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर हरित वातावरण निर्माण में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपेश साहू ने कहा कि पर्यावरण मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, जल संकट और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। एक पौधा लगाना केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर पौधारोपण करना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।

दीपेश साहू ने कहा कि पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उनकी सुरक्षा और संरक्षण उससे भी अधिक जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के दूत बनने और समाज को जागरूक करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य जनसहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकता। वहीं विजय सिन्हा ने कहा कि हरित और स्वच्छ शहर के निर्माण के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। अजय साहू ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि राजेंद्र शर्मा ने इसे प्रकृति के प्रति दायित्व निभाने का अवसर बताया।

कार्यक्रम में युगल देवांगन, हर्षवर्धन तिवारी, राकेश मोहन शर्मा, प्रवीण राजपूत, नीलू राजपूत, डॉ. विनय साहू, संदीप यादव, विकास तंबोली, लक्की साहू, धर्मेंद्र साहू, ममता साहू, पिंकी नेम गुप्ता, दोहाई लाल वर्मा, टेक सिंह वर्मा, गोपी देवांगन, संजू सिंह राजपूत, लक्ष्मी यादव, मिथिलेश निषाद और राजीव तंबोली सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का सामूहिक संकल्प लिया। वन विभाग द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।