कवर्धा में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 पर राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित, मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया पर दी गई जानकारी
कवर्धा में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र पैकरा ने बताया कि यह प्रक्रिया 28 अक्टूबर 2025 से 7 फरवरी 2026 तक चलेगी, जिसके अंतर्गत पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की कार्यवाही होगी। सभी दलों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण में सहयोग की अपील की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र पैकरा ने की। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी और राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया 28 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ हो चुकी है और यह 07 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और आवश्यक संशोधन करने की कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि आखिरी विशेष पुनरीक्षण 2002-2004 के दौरान किया गया था, जिसके बाद मतदाता सूची में कई परिवर्तन हुए हैं। इस कारण एक ही व्यक्ति के नाम का एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होना या मृत मतदाताओं के नाम न कट पाने जैसी त्रुटियां सामने आई हैं। इन त्रुटियों को दूर करने के उद्देश्य से यह विशेष पुनरीक्षण किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फार्म भरवाएंगे। इस अवधि में 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि तक के नए मतदाताओं से फार्म-6 प्राप्त किया जाएगा।
9 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो वह दावा आपत्ति अवधि (9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026) में फार्म-6 के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकता है। इस अवधि में प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा, और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
बैठक में निर्वाचन विभाग ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के माध्यम से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन शाखा के अधिकारी और संबंधित अमला उपस्थित थे।