कबीरधाम: थाना सहसपुर लोहारा का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस अधीक्षक ने स्टाफ की प्रशंसा की

थाना सहसपुर लोहारा का वार्षिक निरीक्षण 01 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने किया। निरीक्षण में थाना परिसर, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण और मालखाना प्रबंधन का विस्तृत अवलोकन किया गया और स्टाफ की अनुशासन व तत्परता की प्रशंसा की गई।

Dec 3, 2025 - 13:27
 0  26
कबीरधाम: थाना सहसपुर लोहारा का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस अधीक्षक ने स्टाफ की प्रशंसा की

 UNITED NEWS OF ASIA.  कवर्धा |   01 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कबीरधामधर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) द्वारा थाना सहसपुर लोहारा का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेख संधारण, मालखाना प्रबंधन और संपूर्ण सफाई व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया गया। थाना स्टाफ साफ-सुथरी वर्दी में अनुशासित रूप से उपस्थित मिला, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने प्रशंसा की। मुंशी कक्ष, विवेचक कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष और अन्य कार्यालयों का निरीक्षण कर उनका रख-रखाव सुव्यवस्थित पाया गया।

दर्ज अपराधों की समीक्षा के दौरान अपराध निष्पादन की प्रगति पर टीम को बधाई दी गई और भविष्य में सक्रियता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गांजा और अन्य अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और असामाजिक तत्वों पर निरंतर निगरानी रखने पर बल दिया। निगरानीशुदा बदमाशों और गुंडा सूची के व्यक्तियों को नियमित रूप से थाने में उपस्थित कराने पर भी जोर दिया गया। जन-सुरक्षा को मजबूत करने हेतु रात्री गश्त, विजिबल पुलिसिंग, सामुदायिक संपर्क और जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

 सायबर अपराधों की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए जनता को जागरूक करने, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताने और निरंतर जनजागरण कार्यक्रम चलाने पर विशेष बल दिया गया। निरीक्षण के अवसर पर थाना प्रभारी मनीष मिश्रा सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम भावना, अनुशासन, तत्परता और जनता के प्रति जवाबदेही को थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण ताकत बताते हुए सभी को प्रोत्साहित किया।