कबीरधाम: बैंक शाखा प्रभारियों की बैठक, सायबर सुरक्षा पर दिशा-निर्देश जारी
कबीरधाम में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में बैंक शाखा प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सायबर अपराध, म्यूल खाते, संदिग्ध लेनदेन और बैंक सुरक्षा मानकों पर चर्चा हुई। सभी शाखाओं को सुरक्षा और जनता जागरूकता के निर्देश दिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | जिले में लगातार बढ़ते सायबर अपराधों को नियंत्रित करने तथा बैंकिंग प्रणाली को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं पंकज पटेल के निर्देशन में बैंक शाखा प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसका संचालन उप पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार चंद्राकर ने किया।
बैठक में बंधन बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सीस बैंक, कोटक महिन्द्रा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, डीसीबी बैंक और बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में वर्तमान सायबर अपराध की प्रवृत्ति, म्यूल खातों की पहचान, संदिग्ध लेनदेन की निगरानी, बैंक सुरक्षा मानकों और जनजागरण के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। उप पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार चंद्राकर ने सभी शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी नए खातों में दस्तावेजों और पहचान का पूर्ण सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए |
और किसी भी खाते में संदिग्ध लेनदेन पाए जाने पर तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए। बैंक कर्मियों और एजेंटों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि किसी भी संदिग्ध या म्यूल खाते के खुलवाने में उनकी भूमिका संदेहास्पद न पाई जाए। जनता को जागरूक करने हेतु कहा गया कि किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी साझा न करें, सोशल मीडिया में निजी जानकारी सीमित रखें, अनजान कॉल व संदेश पर भरोसा न करें और वित्तीय लेनदेन से पहले उसकी सत्यता जांचें।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि सायबर अपराध करने वाले तत्व बैंकिंग प्रणाली और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया से बच नहीं सकते और संदिग्ध लेनदेन, म्यूल खातों और आपराधिक नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों को चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौहान, प्रभारी सायबर सेल निरीक्षक महेश प्रधान, थाना प्रभारी कवर्धा निरीक्षक योगेश कश्यप, चौकी प्रभारी रणवीरपुर उप निरीक्षक सिकंदर कुर्रे और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।