होली पर्व पर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने कबीरधाम पुलिस का विशेष अभियान, निगरानीशुदा बदमाशों को दी गई सख्त हिदायत

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान निगरानीशुदा बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों को थाना बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

Mar 1, 2026 - 19:38
 0  6
होली पर्व पर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने कबीरधाम पुलिस का विशेष अभियान, निगरानीशुदा बदमाशों को दी गई सख्त हिदायत

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कबीरधाम जिला में पुलिस प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा नागरिकों से संवाद स्थापित कर आपसी सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना क्षेत्र के निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों एवं असामाजिक व्यक्तियों को थाना परिसर में तलब कर सख्त समझाइश दी गई।

कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप द्वारा उपस्थित सभी व्यक्तियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, मारपीट, जबरन रंग लगाने, शराब सेवन कर उपद्रव फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने की स्थिति में उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि शांति भंग करने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यक होने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी अवगत कराया कि होली पर्व के दौरान जिले के संवेदनशील स्थानों पर विशेष पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं आपत्तिजनक पोस्ट पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की साइबर टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी की जाएगी और अफवाह फैलाने अथवा भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करें, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित करें तथा त्योहार के दौरान आपसी सहयोग से शांति व्यवस्था बनाए रखें।

कबीरधाम पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल अपने निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जिले में शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।