यह सभी बैठकें पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित की गईं। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के साथ-साथ जिले के समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
बैठकों में संबंधित थाना क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण, ग्राम कोटवार एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी को आगामी होली एवं ईद/रमजान पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे परंपरागत रूप से रंग-गुलाल लगाकर होली मनाएं तथा नशे से दूर रहें। साथ ही कीचड़, धूल, केमिकल युक्त रंग अथवा पॉलिश जैसे हानिकारक पदार्थों का उपयोग न करने की सलाह दी गई।
बैठक के दौरान विशेष रूप से होलिका दहन एवं होलिका दर्शन के समय शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। किसी भी प्रकार की हुल्लड़बाजी, जबरन रंग लगाने, अश्लील टिप्पणी या व्यवहार, मारपीट, लड़ाई-झगड़ा, वाद-विवाद तथा गाली-गलौज से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि तीन सवारी चलाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाना, शराब या नशे की हालत में वाहन चलाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोटवारों एवं नागरिकों को समझाइश दी गई कि किसी भी प्रकार के विवाद, अफवाह अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाना या चौकी को दें अथवा डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वहीं व्यवसायीगण एवं दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों के सामने आने वाले ग्राहकों के वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करें, सड़क पर अव्यवस्था न होने दें तथा अपने आसपास किसी भी असामाजिक तत्व या संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया।
कबीरधाम पुलिस द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे होली एवं ईद/रमजान जैसे पावन पर्वों को शांति, भाईचारे और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मनाएं तथा जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।