स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांकेर जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, मरीजों से मिलकर जाना हालचाल

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांकेर जिला अस्पताल और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर सुविधाओं का फीडबैक लिया और स्वच्छता व मलेरिया रोकथाम को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

Jul 29, 2026 - 12:11
 0  5
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांकेर जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, मरीजों से मिलकर जाना हालचाल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को कांकेर जिले के प्रवास के दौरान कोमलदेव शासकीय जिला चिकित्सालय सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया, मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

संभाग स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में शुरू हुई एमआरआई सेवा का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रतिदिन एमआरआई जांच के लिए आने वाले मरीजों की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल के प्रथम तल स्थित आईपीडी वार्ड पहुंचे और भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कांकेर विकासखंड के ग्राम बारदेवरी की मरीज कलावती प्रधान, ग्राम लेण्डारा की मलेरिया पीड़ित श्यामबाई यादव तथा प्रवीण तारम से भेंट कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री अलबेलापारा स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। शिशु चिकित्सा कक्ष में भर्ती बच्चों का हालचाल जानने के साथ उन्होंने मलेरिया से पीड़ित कक्षा चौथी के छात्र समीर उईके से भी मुलाकात की और उसके उपचार की जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में मौजूद शिशुओं की माताओं से भी चर्चा की। उन्होंने घरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव रोकने तथा मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता और स्वच्छ वातावरण सबसे प्रभावी उपाय हैं।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य संचालक डॉ. संजीव झा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, मेडिकल कॉलेज कांकेर की डीन डॉ. यास्मीन खान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरसी ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।