रायपुर गारमेंट फेयर 2026 का भव्य शुभारंभ, व्यापार को मिलेगा नया विस्तार

रायपुर होलसेल होजियरी एंड रेडीमेड डीलर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रायपुर गारमेंट फेयर 2026 का शुभारंभ वीआईपी रोड स्थित होटल ओमाया गार्डन्स में हुआ। व्यापार जगत के प्रतिनिधियों ने इसे प्रदेश के गारमेंट उद्योग और व्यापार के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया।

Jul 29, 2026 - 12:08
 0  4
रायपुर गारमेंट फेयर 2026 का भव्य शुभारंभ, व्यापार को मिलेगा नया विस्तार

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर होलसेल होजियरी एंड रेडीमेड डीलर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय "रायपुर गारमेंट फेयर 2026 (RGF'26)" का भव्य शुभारंभ मंगलवार को वीआईपी रोड स्थित होटल ओमाया गार्डन्स में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर व्यापार जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारी, उद्योगपति और गारमेंट व्यवसायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सतीश थौरानी ने कहा कि रायपुर गारमेंट फेयर केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि गारमेंट एवं होजियरी व्यापारियों के लिए नए अवसरों का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनके व्यावसायिक कौशल को बढ़ावा देने और बेहतर व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उनके अनुसार, यह आयोजन प्रदेश के व्यापारिक परिदृश्य को नई दिशा और गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

चेम्बर के कार्यकारी अध्यक्ष एवं एसोसिएशन के मार्गदर्शक जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि रायपुर गारमेंट फेयर व्यापारिक एकजुटता और निरंतर प्रगति का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष यह आयोजन नए आयाम स्थापित कर रहा है और व्यापारियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध करा रहा है, जहां नवीन फैशन ट्रेंड, उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद और बेहतर व्यापारिक संभावनाओं का संगम देखने को मिलता है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद तलरेजा ने फेयर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के व्यापारिक जगत के लिए यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेम्बर के नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों को एक मजबूत और संगठित मंच प्रदान करने में चेम्बर का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन गारमेंट उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।

उद्घाटन सत्र के बाद अतिथियों ने फेयर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित रेडीमेड परिधान, होजियरी उत्पादों, नए फैशन कलेक्शन और आधुनिक डिजाइनों की सराहना की। व्यापारियों ने भी इस आयोजन को नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने और बाजार का विस्तार करने के लिए उपयोगी बताया।

आयोजकों के अनुसार रायपुर गारमेंट फेयर 2026 का आयोजन 28, 29 और 30 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से होटल ओमाया गार्डन्स में जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए गारमेंट निर्माता, वितरक और व्यापारी अपने नवीनतम उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में निकेश बरड़िया, सोनिया साहू, हरिराम तलरेजा, मनीष प्रजापति, पंकज जैन, दिलीप इसरानी, अमरदास खट्टर, धनेश मटलानी, रितेश वाधवा, गुलाबचंद्र साहू, करण मदनानी, हरचरण सिंह साहनी, निखिल पंड्या, ओम प्रकाश खुशालानी, विजय मुकीम, नंदलाल बलवानी, मनीष दरिरा, मोनू वासवानी, दिनेश बालानी, खजांची लाल अग्रवाल, वासु नचरानी, सेवकराम बजाज, मनोहर बजाज, भरत आनंद, विकास वासवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं चेम्बर पदाधिकारी उपस्थित रहे।