बाघ के हमले से युवक की मौत, इलाके में सनसनी

मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में अचानकमार टाइगर रिजर्व के बफर जोन में बाघ के हमले से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने साथियों के साथ जंगल में करील और पुटू की तलाश में गया था। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वन विभाग ने ग्रामीणों से फिलहाल जंगल में नहीं जाने और वन क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Aug 25, 2026 - 15:10
 0  3
बाघ के हमले से युवक की मौत, इलाके में सनसनी

UNITED NEWS OF ASIA. राकेश भास्कर, मुंगेली l मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में अचानकमार टाइगर रिजर्व के बफर जोन में सोमवार सुबह बाघ के हमले की घटना सामने आई है। इस घटना में 21 वर्षीय युवक धरमजीत दास की मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार ग्राम बांधा निवासी धरमजीत दास, पिता राजेन्द्र घृतलहरे, सोमवार सुबह करीब 8 बजे अपने कुछ साथियों के साथ सावंतपुर जंगल की ओर गया था। बताया जा रहा है कि युवक जंगल में करील और पुटू की तलाश करने गए थे। सभी युवक जंगल के अलग-अलग हिस्सों में जाकर करील की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक धरमजीत की चीखने की आवाज उसके साथियों ने सुनी।

धरमजीत की चीख सुनने के साथ ही युवकों को बाघ की आवाज भी सुनाई दी। साथियों ने जंगल में धरमजीत को आवाज लगाकर उसे बुलाने की कोशिश की, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। बाघ की मौजूदगी की आशंका से घबराए अन्य युवक वहां से गांव की ओर लौट आए। गांव पहुंचने के बाद उन्होंने ग्रामीणों को पूरी घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। वन विभाग की टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को सावंतपुर बेरियर की ओर लाया। शव के पोस्टमार्टम और विभागीय जांच की प्रक्रिया के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि होने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि धरमजीत दास दो भाइयों में सबसे बड़ा था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं घटना के बाद ग्राम बांधा और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों में जंगल में बाघ की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वनपरिक्षेत्र अधिकारी विजय साहू ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच की जा रही है। विभाग की ओर से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। वन क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल जंगल में जाने से बचें और विशेष आवश्यकता होने पर भी वन क्षेत्र में अकेले न जाएं। वन्यजीवों की मौजूदगी वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है। घटना के बाद वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।