जांजगीर में नाबालिगों को कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, होली कार्यक्रम में हुई घटना

जांजगीर जिले के ग्राम सुकली में होली कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने तीन नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी। बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी सोनू दरवेश को गिरफ्तार कर लिया है।

Mar 6, 2026 - 12:24
 0  6
जांजगीर में नाबालिगों को कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, होली कार्यक्रम में हुई घटना

UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पांडेय, चांपा | छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां होली उत्सव के दौरान एक युवक ने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी। इस घटना के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना जांजगीर जिले के ग्राम सुकली की है। 3 मार्च 2026 की रात लगभग 7:30 बजे आरोपी सोनू दरवेश अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर होली के अवसर पर डांस कर रहा था। उसी दौरान आसपास के तीन नाबालिग बच्चे भी वहां डांस करने पहुंच गए।

आरोप है कि इसी दौरान सोनू दरवेश ने अपने घर से कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर बच्चों को दे दी। इतना ही नहीं, उसने बच्चों को दबावपूर्वक वह कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए मजबूर किया। शराब मिश्रित कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद बच्चों की तबीयत अचानक खराब होने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं।

बच्चों की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली सुश्री योगिता बालिका खापर्डे को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

निर्देश मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ग्राम सुकली के लिए रवाना हुई। पुलिस ने आरोपी सोनू दरवेश को उसके घर के पास से हिरासत में ले लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि नाच-गाने के दौरान उसने तीनों नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाई थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी बरामद कर लिया है। इसके बाद आरोपी सोनू दरवेश को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा और आरक्षक दिलीप सिंह की विशेष भूमिका रही।

घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई है। पुलिस ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।