जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला विकसित भारत का बजट – सांसद संतोष पांडेय

राजनांदगांव लोकसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह बजट तकनीक, अधोसंरचना और कृषि के माध्यम से जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट है।

Feb 1, 2026 - 18:43
 0  7
जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला विकसित भारत का बजट – सांसद संतोष पांडेय

 UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता  संतोष पांडेय ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट देश की जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट कर्ज को नियंत्रित रखते हुए विकास के लिए आवश्यक आर्थिक संसाधनों को सुरक्षित करता है और भारत के तेज एवं अनुशासित विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।

सांसद पांडेय ने कहा कि भारत का विकास अब अभूतपूर्व गति के साथ हो रहा है और बजट में स्केल-अप, इक्विपमेंट, मटेरियल्स, फुल-स्टैक आईपी, स्किल सेंटर्स, नेक्स्ट-जेन मैन्युफैक्चरिंग और हाई-वैल्यू इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है। इससे देश के युवाओं के लिए भविष्य सुरक्षित करने वाले रोजगार के अवसर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी क्षेत्र में भारत दुनिया के किसी भी देश से पीछे नहीं रहेगा और हमारी टेक्नोलॉजी स्वदेशी होने के साथ-साथ वर्ल्ड क्लास होगी।

सांसद संतोष पांडेय ने छत्तीसगढ़ को मिलने वाले लाभों का उल्लेख करते हुए कहा कि अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प का कार्य अगले वित्तीय वर्ष में और गति पकड़ेगा। इनमें राजनांदगांव, डोंगरगढ़, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं, जिससे यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेंगी और क्षेत्रीय विकास को नया आयाम मिलेगा।

उन्होंने बताया कि किसानों के हित में भारत-विस्तार नामक बहुभाषी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से छत्तीसगढ़ी सहित अन्य स्थानीय भाषाओं में किसानों को कृषि से संबंधित सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों की उत्पादकता बढ़ेगी और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने में मदद मिलेगी।

सांसद पांडेय ने कहा कि राज्य की ग्राम पंचायतों में यूपीआई और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में आधारभूत अधोसंरचना विकास पर सरकार द्वारा किए जा रहे निवेश में छह गुना वृद्धि का सीधा लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा।

अंत में सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि यह बजट नए रास्ते खोलने वाला, तकनीक और अधोसंरचना के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने वाला तथा जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला विकसित भारत का बजट है।