उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का किया शुभारंभ, राशन वितरण में बढ़ेगी पारदर्शिता और सुविधा
बिलासपुर के सरकंडा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का शुभारंभ किया। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम के सहयोग से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा स्थापित इस तकनीक आधारित व्यवस्था का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और हितग्राही-केंद्रित बनाना है। ग्रेन एटीएम में आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद हितग्राही को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न स्वतः उपलब्ध होगा। इससे समय की बचत, मानवीय त्रुटियों में कमी और राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के सरकंडा में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का शुभारंभ किया। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम यानी WFP के सहयोग से राज्य शासन के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा स्थापित इस ग्रेन एटीएम को सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को आम जनता को समर्पित करते हुए इसे तकनीकी नवाचार और सुगम सेवा वितरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से राशन वितरण व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी हितग्राही, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।
आसान और तकनीक आधारित राशन वितरण
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के शुभारंभ के दौरान मशीन से खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया। आधुनिक मशीन को देखकर उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह और जिज्ञासा दिखाई दी।
ग्रेन एटीएम से राशन प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल और तकनीक आधारित है। हितग्राही को मशीन के सामने निर्धारित स्थान पर खड़े होकर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण यानी फिंगरप्रिंट देना होगा। प्रमाणीकरण के बाद स्क्रीन पर उपलब्ध राशन और उसकी निर्धारित मात्रा प्रदर्शित होगी।
हितग्राही द्वारा मात्रा की पुष्टि करने के बाद खाली बैग या थैले को डिस्पेंसर के नीचे रखा जाएगा। इसके बाद डिस्पेंस बटन दबाते ही निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न कुछ ही सेकंड में मशीन के माध्यम से बैग में भर जाएगा। राशन प्राप्त करने के बाद हितग्राही स्क्रीन पर प्रदर्शित संदेश की पुष्टि कर सकेगा।
समय की बचत और पारदर्शिता
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशन वितरण में मानवीय त्रुटियों को कम करने, समय की बचत करने और हितग्राहियों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। तकनीक आधारित व्यवस्था के कारण खाद्यान्न की निर्धारित मात्रा के अनुसार वितरण किया जा सकेगा।
शुभारंभ के अवसर पर राशन कार्डधारी हितग्राहियों ने मशीन की कार्यप्रणाली, त्वरित वितरण और सटीक तौल की सराहना की। नागरिकों ने इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक के उपयोग की दिशा में सकारात्मक बदलाव बताया।
राज्य शासन के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की इस पहल से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी सुधारों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में अधिक सुविधा मिल सकेगी और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक नितिन दीवान, विश्व खाद्य कार्यक्रम की नताशा कुमारी पनवार सहित जनप्रतिनिधि और खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार के रूप में देखा जा रहा है, जो राशन कार्डधारी हितग्राहियों को अधिक सुविधाजनक, त्वरित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।