नवा रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारियां पूरी, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर फोकस

नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, बिजली, फायर सेफ्टी और दर्शकों के लिए ई-टिकट स्कैनिंग जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

Oct 8, 2026 - 11:16
 0  4
नवा रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारियां पूरी, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर फोकस

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच होने वाली टी-20 क्रिकेट सीरीज को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों टीमों के बीच तीन अंतर्राष्ट्रीय महिला टी-20 मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। मैचों के सफल और सुचारू संचालन के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी तैयारियों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को भी मैच संचालन से जुड़े कार्यों में आवश्यक कार्रवाई समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

अंतर-विभागीय समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए के प्रतिनिधि और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह समिति मैच के दौरान स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का काम करेगी।

दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी, जिससे दर्शक अपने ई-टिकट आसानी से स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे। टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा और टिकट पर स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा। स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की उपलब्धता को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे। पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से सीसीटीवी निगरानी और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बिजली की निर्बाध व्यवस्था के लिए सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग को जिम्मेदारी दी गई है।

स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करेगा और स्टेडियम परिसर में एम्बुलेंस की तैनाती रहेगी। आपातकालीन उपचार और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है। मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है। वहीं फायर ब्रिगेड, पर्याप्त जल उपलब्धता और आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग होने वाले मार्गों का चिन्हांकन गृह एवं अग्निशमन विभाग करेगा।

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, जनसंपर्क संचालक आशीष टिकरिया, टूरिज्म एमडी सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, फायर एवं सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हुए।