मोहला-मानपुर में योजनाओं का जमीनी असर देखने पहुंचे मंत्री टंक राम वर्मा, हितग्राहियों से किया संवाद
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली। ग्रामीण परिवार ने आवास, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन और महतारी वंदन योजना से जीवन में आए बदलाव साझा किए।
UNITED NEWS OF ASIA. मानपुर l मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी प्रभाव का जायजा लेने के लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और उनसे लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि अंतिम व्यक्ति का उत्थान और सर्वसमावेशी विकास राज्य सरकार की प्राथमिक प्रतिबद्धता है।
मंत्री टंक राम वर्मा ने ग्राम पंचायत माड़िंग पिड़िंग भूर्सा, जनपद पंचायत मोहला में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के लाभार्थी इन्द्र कुमार पिता मदन लाल के निर्माणाधीन मकान का अवलोकन किया। वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत इस पक्के आवास के लिए परिवार को 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही परिवार को 90 दिनों का मनरेगा रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस दौरान लाभार्थी परिवार की हेमेश्वरी ने योजनाओं से मिले लाभ को लेकर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से परिवार को सुरक्षित और पक्का मकान मिल रहा है। इसके साथ उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन मिलने से खाना बनाने के दौरान होने वाले धुएं से राहत मिली है। जल जीवन मिशन के माध्यम से घर में ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होने से रोजमर्रा की परेशानियां कम हुई हैं।
हेमेश्वरी ने यह भी बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता परिवार के लिए उपयोगी साबित हो रही है। इस राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों और बच्चों की देखभाल में किया जा रहा है। उन्होंने सरकार की योजनाओं से परिवार के जीवन में आए बदलाव को साझा करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
हितग्राही परिवार की बात सुनने के बाद मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूलमंत्र के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। ग्रामीण परिवारों को पक्का मकान, रसोई गैस, घर तक स्वच्छ पेयजल और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं मिलने से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पात्र नागरिकों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। योजनाओं के क्रियान्वयन में जमीनी स्तर की स्थिति जानना जरूरी है, ताकि जरूरत के अनुसार व्यवस्था में सुधार किया जा सके और लाभ से कोई पात्र परिवार वंचित न रहे। दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।