विश्व पर्यावरण दिवस पर सीआईएसएफ इकाई केएसटीपीपी कोरबा द्वारा ‘शहीद उद्यान’ में वृक्षारोपण अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीआईएसएफ इकाई केएसटीपीपी कोरबा द्वारा फायर कॉलोनी स्थित शहीद उद्यान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगभग 150 आम एवं जामुन के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और हरित भविष्य को बढ़ावा देना रहा।

Jun 6, 2026 - 13:44
 0  4
विश्व पर्यावरण दिवस पर सीआईएसएफ इकाई केएसटीपीपी कोरबा द्वारा ‘शहीद उद्यान’ में वृक्षारोपण अभियान

UNITES NEWS OF ASIA. राहुल, कोरबा l विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई केएसटीपीपी कोरबा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से फायर कॉलोनी स्थित शहीद उद्यान में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट राजीव कुल्हारी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ अधिकारियों एवं बल सदस्यों ने सामूहिक रूप से लगभग 150 पौधों का रोपण किया। इनमें मुख्य रूप से आम एवं जामुन के पौधे शामिल रहे। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट (अग्नि) शिवेंद्र कुमार, आरक्षित निरीक्षक कुलश्रेष्ठ गुरु सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट राजीव कुल्हारी ने कहा कि शहीद उद्यान केवल एक वृक्षारोपण स्थल नहीं है, बल्कि यह एक भावनात्मक पहल है, जहां प्रत्येक पौधा किसी प्रियजन की स्मृति और सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन, आशा और निरंतरता के प्रतीक हैं तथा ये आने वाले समय में स्वच्छ वायु, छाया और पर्यावरण संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि यह पहल जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन की दिशा में एक दीर्घकालिक प्रयास है। शहीद उद्यान को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यहां लगाए गए प्रत्येक पौधे के साथ एक व्यक्तिगत कहानी और स्मृति जुड़ी हो, जो समय के साथ एक जीवंत हरित धरोहर के रूप में विकसित हो

कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि भविष्य में कर्मचारी, उनके परिवारजन तथा स्थानीय समुदाय के सदस्य अपने जीवन के विशेष अवसरों जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, उपलब्धियों या किसी प्रियजन की स्मृति में यहां पौधारोपण कर सकेंगे। इससे यह उद्यान एक स्मृति उद्यान के रूप में और अधिक समृद्ध होगा तथा भावनात्मक जुड़ाव को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनके संरक्षण को सुनिश्चित करें, ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे।

सीआईएसएफ इकाई केएसटीपीपी कोरबा का यह सतत प्रयास पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता को एक साथ जोड़ते हुए एक स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यह अभियान न केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए लाभकारी है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनेगा।