हिंदू नववर्ष पर रायपुर में भव्य शोभायात्रा: रामराज परिवार का 17वां आयोजन, समाजसेवी कुबेर राठी भी हुए शामिल

रायपुर में हिंदू नववर्ष के अवसर पर रामराज परिवार द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान समाजसेवी कुबेर राठी सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और रामभक्ति में डूबे नजर आए।

Mar 20, 2026 - 11:27
 0  10
हिंदू नववर्ष पर रायपुर में भव्य शोभायात्रा: रामराज परिवार का 17वां आयोजन, समाजसेवी कुबेर राठी भी हुए शामिल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | भारतीय संस्कृति, परंपरा और गौरव के प्रतीक हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर की सड़कें भक्ति और आस्था के रंग में रंगी नजर आईं। रामराज परिवार द्वारा अपने 17वें गौरवशाली वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल शोभायात्रा ने इस बार भव्यता के नए आयाम स्थापित किए।

इस गरिमामय आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री राम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। रामराज परिवार का यह आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

इस धार्मिक आयोजन में शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी कुबेर राठी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान श्री राम के चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। श्रद्धालुओं में इस दौरान भारी उत्साह देखने को मिला, जहां हर आयु वर्ग के लोग रामभक्ति में लीन नजर आए।

आयोजन समिति के संरक्षक महेंद्र सिंघानिया ने बताया कि यह शोभायात्रा केवल एक जुलूस नहीं, बल्कि हिंदू नववर्ष के स्वागत का एक विराट उत्सव है। यात्रा में आकर्षक झांकियां, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की ध्वनि और हाथों में भगवा ध्वज लिए हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर कुबेर राठी ने नगरवासियों को हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत) की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। ये आयोजन हमारी युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने भगवान श्री राम के जीवन को मर्यादा और सेवा का आदर्श बताते हुए उसे अपनाने का आह्वान किया।

कुबेर राठी ने आगे कहा कि सामूहिक धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। जब पूरा शहर एक साथ अपनी संस्कृति का उत्सव मनाता है, तो राष्ट्र की एकता और मजबूती को बल मिलता है।

शोभायात्रा के दौरान कुबेर राठी पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए। माँ काली के जयकारों के बीच वे भावविभोर होकर नृत्य करते दिखे, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उनके इस सरल और श्रद्धाभाव ने आयोजन में विशेष आकर्षण पैदा किया।

शोभायात्रा का शुभारंभ सप्रे मैदान से हुआ, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह सामाजिक और व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया और शीतल पेयजल व शरबत वितरित किया गया। पूरा शहर ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पुत्री, भाजपा कार्यकर्ता, रामराज समिति के सदस्य सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।