सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मंदिर हसौद में चलाया स्वच्छता अभियान, आरंग में बांटे हितलाभ
सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मंदिर हसौद में स्वच्छता अभियान में सहभागिता की और आरंग में आयोजित ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान हितग्राहियों को कृषि उपकरण, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मंदिर हसौद और आरंग में आयोजित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण एवं गरीब कल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंत्री ने ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ मंदिर हसौद में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इसके बाद आरंग में आयोजित विधानसभा स्तरीय ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में शामिल होकर हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
मंदिर हसौद नगर पालिका परिषद में आयोजित स्वच्छता अभियान में गुरु खुशवंत साहेब ने स्वयं सहभागिता करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अब केवल किसी एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनआंदोलन का स्वरूप ले चुकी है। स्वच्छ और सुंदर भारत का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने को जीवन का हिस्सा बनाते हुए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘स्वच्छ भारत से स्वस्थ भारत’ के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान भी इसी जनभागीदारी और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों में भी सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
इसके बाद आरंग नगर में विधानसभा स्तरीय ‘सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां गुरु खुशवंत साहेब ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ और सहायक उपकरण प्रदान किए। कार्यक्रम में किसानों को कृषि उपकरण, पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिया गया। मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
गुरु खुशवंत साहेब ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और सहज तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे। इसी सोच के साथ ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना से जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर मंत्री ने एक बच्ची का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया और उसे शुभाशीष प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता, सामाजिक कल्याण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को एक साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री ने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से सशक्त, स्वच्छ और समृद्ध भारत के निर्माण में हर व्यक्ति अपना योगदान दे सकता है। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।