रायपुर में आम आदमी पार्टी की अहम संगठनात्मक बैठक, सहप्रभारी मुकेश अहलावत करेंगे चुनाव तैयारियों की समीक्षा

आम आदमी पार्टी 7 मार्च को रायपुर के सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित करेगी। बैठक में सहप्रभारी मुकेश अहलावत की मौजूदगी में संगठन विस्तार, आगामी नगरीय निकाय चुनाव और “छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” सहित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।

Mar 7, 2026 - 12:35
 0  5
रायपुर में आम आदमी पार्टी की अहम संगठनात्मक बैठक, सहप्रभारी मुकेश अहलावत करेंगे चुनाव तैयारियों की समीक्षा

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने और आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर 7 मार्च 2026 को राजधानी रायपुर में महत्वपूर्ण संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित करने जा रही है। यह बैठक नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित होगी, जिसमें पार्टी के प्रदेश स्तर से लेकर जिला और विधानसभा स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे।

इस बैठक में दिल्ली के पूर्व मंत्री, दिल्ली सरकार में नेता प्रतिपक्ष तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश के सहप्रभारी मुकेश अहलावत की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके नेतृत्व में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की जाएगी और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाएगी।

पार्टी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार बैठक में प्रदेश के सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, लोकसभा अध्यक्ष, नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और पार्टी के विभिन्न विंग के प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना और आगामी नगर निगम, नगर पालिका तथा नगर पंचायत चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना है।

बैठक के दौरान प्रदेश में चल रहे पार्टी के प्रमुख अभियानों “छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” और “किसान न्याय जनसभा” कार्यक्रम की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी। सभी चुनाव प्रभारी और विधानसभा प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे और वहां की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी देंगे।

इसके अलावा ज़ोन प्रभारी, लोकसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और विधानसभा प्रभारी अपने प्रभार क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और आगामी योजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे। इस दौरान संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।

बैठक का कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से निर्धारित किया गया है। सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक जिला अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी।

दोपहर 2:00 बजे से 2:30 बजे तक भोजन अवकाश रखा गया है। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक नगरीय निकाय चुनाव प्रभारियों के साथ रणनीतिक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा होगी।

शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक पार्टी के विभिन्न विंग के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक सभी विधानसभा प्रभारियों के साथ संगठन सुदृढ़ीकरण और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने बताया कि यह बैठक संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्ययोजना तय करने की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर प्रदेशभर में पार्टी की गतिविधियों को और तेज किया जाएगा।