सनौद में 19 किसानों से धान खरीदी के नाम पर 21.37 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिले के सनौद थाना क्षेत्र में 19 किसानों से धान खरीदी के नाम पर 21 लाख 37 हजार 745 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाजार भाव से अधिक दर पर धान खरीदने और एक-दो दिन में भुगतान करने का भरोसा देकर किसानों से धान लिया गया, लेकिन राशि का भुगतान नहीं किया गया। पुलिस ने आरोपी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन को राजनांदगांव जिले के घुमका से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद जिले के सनौद थाना क्षेत्र में किसानों से धान खरीदी के नाम पर 21 लाख 37 हजार 745 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने किसानों को बाजार भाव से अधिक दर पर धान खरीदने और खरीदी गई धान की राशि एक से दो दिन के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद ग्राम बोहरा, डोटोपार और आसपास के क्षेत्रों के 19 किसानों से धान खरीदा गया, लेकिन किसानों को तय राशि का भुगतान नहीं किया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए सनौद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी गुरूर माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोनसिंह सोरी के नेतृत्व में मामले की जांच की गई। इस संबंध में ग्राम बोहरा निवासी कन्हैया लाल साहू ने थाना सनौद में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम नांहदा, थाना देवरी निवासी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन ने किसानों को बाजार दर से अधिक कीमत पर धान खरीदने और एक-दो दिन में भुगतान करने का भरोसा दिया था।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने किसानों से धान प्राप्त करने के बाद निर्धारित राशि का भुगतान नहीं किया। जांच के दौरान कुल 19 किसानों से धान खरीदे जाने और उनके 21,37,745 रुपये का भुगतान लंबित होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की पतासाजी शुरू की और उसके संभावित ठिकानों पर तलाश की।
विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन के ग्राम घुमका, जिला राजनांदगांव में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन, पिता सुशील जैन, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम नांहदा, थाना देवरी, जिला बालोद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 21 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
इस मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 80/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े किसानों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही धान खरीदी, भुगतान और लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोनसिंह सोरी, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार साहू, प्रधान आरक्षक रामप्रसाद, आरक्षक दमन वर्मा, टिकेंद्र कुमार सोरी और गोविंद साहू के अलावा साइबर सेल प्रभारी धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर मरकाम तथा आरक्षक मिथलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बालोद पुलिस ने किसानों और आम नागरिकों से कृषि उपज की बिक्री के दौरान खरीदार की पहचान, भुगतान की शर्तों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है। पुलिस ने किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना में देने की सलाह दी है।