बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक का खुलासा, 8 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार; कथित प्रेमी ने रची थी साजिश
बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में छात्रा पर हुए एसिड अटैक मामले में पुलिस ने 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त एसिड और कपड़े भी जब्त किए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद शहर में छात्रा पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के करीब 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा पर एसिड फेंकने की साजिश उसके कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को बालोद शहर की एक युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंककर हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसकी आवाज सुनकर तत्काल मदद की और उसके पिता को सूचना दी। इसके बाद युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर तांदुला डैम की ओर भाग गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की।
पुलिस जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीड़िता के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर को संदेह के घेरे में लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यश ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में उसने पीड़िता के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि युवती द्वारा दूसरे स्थान पर अफेयर और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज होकर यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, यश ने 26 सितंबर को करण को बालोद बुलाया था। इसके बाद 27 सितंबर को एसिड खरीदकर गणेश झांकी के दौरान हमला करने की योजना बनाई गई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण उस समय वारदात नहीं की गई। बाद में 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती के लाइब्रेरी से घर लौटने के दौरान करण ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंका और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद करण तांदुला बांध की ओर गया और वहां से लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। पुलिस ने यश से मिली जानकारी के आधार पर करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में घटना में शामिल होने की बात कही है। पुलिस ने कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार सोनकर, निवासी बालोद और करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के रूप में हुई है। मामले में दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी समेत कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को देने पर समय रहते कार्रवाई की जा सकती है।