राजनांदगांव में रेलवे के विकास कार्यों को मिलेगी गति, चिखली और गौरीनगर अंडरब्रिज का रुका काम जल्द होगा शुरू

राजनांदगांव में रेलवे से जुड़े विकास कार्यों को गति देने के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने SECR महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, नागपुर DRM दीपक गुप्ता और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चिखली और गौरीनगर अंडरब्रिज, बरगा-मुसरा-आलीवाड़ा क्षेत्र के ओवरब्रिज, बरगा सर्विस रोड और परमालकसा में ओवरब्रिज की जरूरत सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। रेलवे अधिकारियों ने चिखली और गौरीनगर अंडरब्रिज का रुका काम जल्द शुरू कर पूरा करने का आश्वासन दिया।

Oct 6, 2026 - 12:46
 0  3
राजनांदगांव में रेलवे के विकास कार्यों को मिलेगी गति, चिखली और गौरीनगर अंडरब्रिज का रुका काम जल्द होगा शुरू

UNITED NEWS OF ASIA. राजनांदगांव l राजनांदगांव में रेलवे से जुड़े विकास कार्यों को अब गति मिलने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह ने रेलवे के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में चल रहे और प्रस्तावित रेलवे विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में रेलवे क्रॉसिंग से जुड़ी यातायात समस्याओं, अंडरब्रिज, ओवरब्रिज और सर्विस रोड निर्माण सहित जनसुविधा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक में SECR महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, नागपुर DRM दीपक गुप्ता सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य राजनांदगांव शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रेलवे से संबंधित अधोसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

बैठक में चिखली गेट यानी स्टेशन पारा स्थित LC-460 तथा गौरीनगर गेट LC-459 पर निर्माणाधीन अंडरब्रिज की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। बताया गया कि दोनों अंडरब्रिज का निर्माण कार्य समाप्ति के चरण में है, लेकिन कुछ कारणों से काम बीच में रुक गया था। इस पर रेलवे अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि रुके हुए निर्माण कार्य को जल्द दोबारा शुरू कराया जाएगा और अंडरब्रिज का काम शीघ्र पूरा करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इन अंडरब्रिज के पूरा होने से रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात दबाव कम होने और लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में बरगा, मुसरा और आलीवाड़ा क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज की स्थिति की भी समीक्षा की गई। हाल में तेज बारिश के कारण ओवरब्रिज में आई दरारों का विषय उठाते हुए डॉ. रमन सिंह ने तत्काल तकनीकी जांच कराने और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बरगा रेलवे ओवरब्रिज में सर्विस रोड निर्माण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने पर जोर दिया गया, ताकि स्थानीय लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

परमालकसा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता को लेकर भी बैठक में गंभीरता से चर्चा हुई। वर्तमान में ग्रामीण पानी निकासी के लिए बनी पुलिया के माध्यम से रेलवे पटरी पार करते हैं। रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर खेत और स्कूल होने के कारण ग्रामीणों तथा विद्यार्थियों को प्रतिदिन आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के दौरान पुलिया में पानी भर जाने से लोगों की दिक्कत और बढ़ जाती है। ऐसे में यहां ओवरब्रिज की जरूरत को प्रमुखता से रेलवे अधिकारियों के सामने रखा गया।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में रेलवे से जुड़े विकास कार्य केवल यातायात व्यवस्था सुधारने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास से है। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज, ओवरब्रिज और सर्विस रोड जैसे जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। रेलवे अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर इन कार्यों को गति दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की जनता को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। रेलवे से जुड़े आवश्यक विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र क्रियान्वयन के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेंगे।