फरसगांव में 34 छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा की राह हुई आसान

कोंडागांव जिले के फरसगांव स्थित पीएम श्री सेजेस में सरस्वती साइकिल योजना के तहत 34 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, पालकों और विद्यालय परिवार की मौजूदगी रही। इस दौरान विद्यार्थियों को पीएम विद्यालक्ष्मी योजना की जानकारी भी दी गई, जिसके तहत उच्च शिक्षा के इच्छुक विद्यार्थियों को बिना ब्याज शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

Aug 23, 2026 - 12:31
 0  16
फरसगांव में 34 छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा की राह हुई आसान

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव l पीएम श्री सेजेस फरसगांव में शनिवार को सरस्वती साइकिल योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा की 34 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पालकों और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत फरसगांव अध्यक्ष प्रशांत पात्र रहे। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष प्रवीर बदेशा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष मूलचंद पांडे, पार्षद विनोद पांडे और नरेंद्र गौर, शिक्षाविद दीपेंद्र मसीह सहित पालकगण एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक उनकी पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। खासकर दूर-दराज से स्कूल आने वाली छात्राओं को साइकिल मिलने से आने-जाने में सुविधा होगी। इससे छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

पीएम विद्यालक्ष्मी योजना की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य महावीर जायसवाल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पीएम विद्यालक्ष्मी योजना के बारे में बताते हुए कहा कि इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कोंडागांव जिले के तीन विद्यालयों में शुरू किया गया है।

योजना के माध्यम से उच्च शिक्षा हासिल करने के इच्छुक विद्यार्थियों को बिना ब्याज शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान बताया गया। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक परेशानी उनकी शिक्षा में बाधा न बने।

प्राचार्य ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन के लिए विद्यालय स्तर पर रामाधार जूरी, शिवकुमार साहू, त्रिमला सिन्हा, सुचिता बिसेन और अनिकेत कंवर को नोडल शिक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। नोडल शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

छात्राओं में दिखा उत्साह

साइकिल वितरण के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह रहा। विद्यालय परिवार और पालकों ने भी योजना को छात्राओं की शिक्षा के लिए उपयोगी कदम बताया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और पालकों का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और वे अपनी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रख सकेंगी।