मामले में प्रार्थी संदीप , निवासी ग्राम मरकाडाड़, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर ने 14 मार्च 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 मार्च की शाम करीब 6 बजे वह अपने ससुर के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल से गांधी चौक की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान राज पोल्ट्री फार्म के पास एक युवक काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल से आया और उनका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने खुद को आरटीओ अधिकारी बताते हुए धमकाना शुरू किया और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की की।
इसके बाद आरोपी ने जबरन उनके पर्स से 10 हजार रुपये और शर्ट की जेब से 10 हजार रुपये, कुल 20 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गया।
जांच में खुला फर्जी अधिकारी का राज
घटना के बाद प्रार्थी ने आरटीओ कार्यालय जाकर जानकारी ली, जहां पता चला कि इस नाम का कोई अधिकारी नहीं है। बाद में जांच में आरोपी की पहचान सहजोर अली (24 वर्ष), निवासी सतीपारा, इरानी मोहल्ला, थाना कोतवाली अंबिकापुर के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।राजेशकुमार अग्रवाल डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
गांधीनगर पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पहले भी कर चुका है लूटपाट
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है। इससे पहले भी उसने संजय पार्क के पास एक अन्य व्यक्ति से 1130 रुपये की लूट की थी, जिसका मामला कोतवाली थाना में दर्ज है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।