रायगढ़ में शुरू हुई खनिज ज्योति योजना, प्रतिभावान BPL छात्रों को मिलेगी उच्च शिक्षा के लिए 100% वित्तीय सहायता

रायगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए "खनिज ज्योति योजना" शुरू की है। योजना के तहत चयनित छात्रों को देश और राज्य के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए शत-प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

Jun 13, 2026 - 12:47
Jun 13, 2026 - 12:48
 0  23
रायगढ़ में शुरू हुई खनिज ज्योति योजना, प्रतिभावान BPL छात्रों को मिलेगी उच्च शिक्षा के लिए 100% वित्तीय सहायता

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) रायगढ़ ने "खनिज ज्योति योजना" की शुरुआत की है। इस योजना का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है, जिनकी पढ़ाई आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण प्रभावित हो सकती है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की पहल पर शुरू की गई इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को देश और राज्य के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अध्ययन के लिए शत-प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ स्नातक, स्नातकोत्तर, इंजीनियरिंग, मेडिकल, विधि, प्रबंधन, डिप्लोमा तथा कृषि एवं अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा।

वर्तमान शैक्षणिक सत्र में योजना के लिए कुल 20 सीटें स्वीकृत की गई हैं। पात्रता के अनुसार आवेदक रायगढ़ जिले के खनन प्रभावित घोषित ग्रामों या नगरीय निकायों का स्थायी निवासी होना चाहिए। परिवार का नाम बीपीएल अथवा अंत्योदय सूची में दर्ज होना तथा वैध राशन कार्ड होना अनिवार्य है। सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 12वीं बोर्ड परीक्षा में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। आवेदन के समय छात्र की आयु 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।

योजना के अंतर्गत यदि निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो मेरिट एवं वरीयता के आधार पर चयन किया जाएगा। प्रत्यक्ष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। इसके अलावा जेईई, नीट, क्लैट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से आईआईटी, एनआईटी, एम्स, आईआईएम अथवा केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्राप्त करने वाले छात्रों को विशेष वरीयता दी जाएगी।

समान स्थिति होने पर 12वीं के अंकों, परिवार की आय तथा अनाथ, एकल अभिभावक वाले या दिव्यांग विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को सशक्त बनाना भी है।

इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी निर्धारित आवेदन पत्र रायगढ़ जिले की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं अथवा संबंधित कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ पूर्ण आवेदन 30 जुलाई 2026 तक कक्ष क्रमांक 93, डीएमएफटी शाखा, कलेक्ट्रेट कार्यालय रायगढ़ में जमा किए जा सकेंगे। योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9770989049 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।