धमतरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई: कचना गांव में चाकूबाजी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक जब्त
धमतरी जिले के ग्राम कचना में होटल संचालक पर चाकू से हमला करने वाले दो आरोपियों को बिरेझर पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की। घटना प्रार्थी द्वारा गालियों और मारपीट का विरोध करने पर हुई थी।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। धमतरी जिले की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम कचना में हुई चाकूबाजी की गंभीर घटना को सुलझा लिया है। बिरेझर पुलिस चौकी के जवानों ने 24 अक्टूबर 2025 को होटल संचालक पर चाकू से हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है।
घटना तब हुई जब प्रार्थी गोविंद साहू (32 वर्ष) अपने होटल में मौजूद था। तभी गांव के ही टकेश्वर उर्फ टक्कू ध्रुव (20 वर्ष) और राजाराम चतुर्वेदी उर्फ राजा (26 वर्ष) अपने एक नाबालिग साथी के साथ होटल पहुंचे और अश्लील गालियां देते हुए प्रार्थी के साथ हाथापाई करने लगे। जब गोविंद साहू ने विरोध किया, तो राजाराम और नाबालिग मौके से भाग निकले जबकि टकेश्वर ने अपने पास रखे धारदार चाकू से प्रार्थी के दोनों कुल्हों पर वार कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी बिरेझर की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल अपराध क्रमांक 288/25 के तहत धारा 296(ख), 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक किरन चव्हाण के निर्देशन में की गई जांच में तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनके बताए स्थान से चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, जबकि नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पृथक प्रकरण प्रस्तुत किया गया है।
धमतरी पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ कि अपराधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में तत्परता दिखाना कानून व्यवस्था की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रतीक है।