उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव-गांव पहुंचकर सुनी जनता की समस्याएं
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों का दौरा कर आम लोगों से संवाद किया। उन्होंने समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के तहत सोमवार को विभिन्न गांवों एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण कर आम नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ज़मीन पर बैठकर ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों में त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत उपमुख्यमंत्री शर्मा सर्वप्रथम कबीरधाम जिले के ग्राम बिरोड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री शर्मा ग्राम सोनपुरी (लोहारा) पहुंचे, जहां आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी मांगों और अपेक्षाओं को सुना तथा समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसंपर्क की इसी कड़ी में उपमुख्यमंत्री शर्मा ग्राम रामहेपुर (लोहारा) के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच जाकर संवाद करना अत्यंत आवश्यक है।
इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री शर्मा कवर्धा के फुलवारी चौक पहुंचे, जहां वे नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए सामाजिक समरसता, सद्भाव और सेवा भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सहजता और आत्मीयता के साथ मुलाकात भी की।