सिलेंडर शव यात्रा: महंगाई और वादाखिलाफी पर कांग्रेस का हल्लाबोल, BJP की मुफ्त सिलेंडर योजना को बताया जुमला
दिल्ली कांग्रेस ने बीजेपी की मुफ्त सिलेंडर योजना के विरोध में एलपीजी सिलेंडर की शव यात्रा निकाली, लेकिन जंतर-मंतर पर अनुमति न मिलने से पुलिस ने प्रदर्शन रोक दिया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर जहां राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक तापमान चढ़ा हुआ है, वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के कथित ‘फ्री सिलेंडर’ वादे पर तीखा हमला बोलते हुए एलपीजी सिलेंडर की शव यात्रा निकाली। बढ़ती महंगाई और चुनावी वादों में वादाखिलाफी को मुद्दा बनाते हुए दिल्ली कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर की ओर रसोई गैस सिलेंडर की अंतिम यात्रा निकाली, जिसे पुलिस ने अनुमति न होने का हवाला देते हुए रोक दिया।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बयान जारी करते हुए कहा कि “जंतर-मंतर देश की लोकतांत्रिक आवाज का प्रतीक है, लेकिन बीजेपी सरकार विपक्ष के विरोध कार्यक्रमों को रोकने के लिए प्रशासन का सहारा ले रही है। हमने कार्यक्रम की अग्रिम सूचना दी थी, फिर भी प्रदर्शन रोक दिया गया।”
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी की मुफ्त सिलेंडर योजना सिर्फ चुनावी जुमला है, क्योंकि महंगाई के कारण आम जनता पहले से ही भारी आर्थिक बोझ झेल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता भाजपा के झूठे वादों को भलीभांति पहचान चुकी है और सिलेंडर की शव यात्रा इसका प्रतीकात्मक संदेश है।