कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने महतारी सदन, स्वास्थ्य केंद्र और खाद वितरण व्यवस्था का किया निरीक्षण
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्राम गोड़म के महतारी सदन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और भेड़वन की सहकारी समिति का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, निर्माण कार्यों और खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्राम गोड़म और भेड़वन का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं तथा कृषि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन महतारी सदन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और खाद वितरण केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम गोड़म में कलेक्टर ने महिलाओं के लिए बनाए जा रहे महतारी सदन एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लंबे समय से बंद पड़े मुर्रा मिल तथा आलू चिप्स और मिक्सचर निर्माण मशीनों की स्थिति भी देखी गई। इन इकाइयों को पुनः संचालित करने की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। इसके अलावा जेंडर रिसोर्स सेंटर का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी भी ली गई
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़म में कलेक्टर ने ओपीडी और आईपीडी रजिस्टरों का अवलोकन कर मरीजों की संख्या एवं उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, चिकित्सक कक्ष, आयुष विभाग, प्रसव कक्ष, औषधि भंडार और प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। औषधि भंडार में उपलब्ध दवाओं की एक्सपायरी तिथि की जांच की गई तथा फार्मासिस्ट से एंटी स्नेक वेनम और रेबीज रोधी दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। ब्लड टेस्ट कराने पहुंचे बच्चों से भी संवाद किया गया। प्रयोगशाला में मशीनों की कार्यशीलता का परीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्वयं शुगर टेस्ट कराकर उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया।
स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी टीकाकरण के बाद स्कूली छात्राओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। ब्लड ग्रुप जांच के लिए पहुंचे विद्यार्थियों से भी चर्चा कर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की गई।
दौरे के दूसरे चरण में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने ग्राम भेड़वन स्थित प्राथमिक सेवा सहकारी समिति का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने यूरिया, डीएपी और नैनो खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। किसानों से चर्चा कर यह जानकारी ली गई कि उन्हें समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो रही है या नहीं। किसानों ने खाद उपलब्धता को संतोषजनक बताया।
समिति प्रबंधक द्वारा खाद के पर्याप्त भंडारण की जानकारी दिए जाने के बाद कलेक्टर ने परिसर स्थित खाद गोदाम का निरीक्षण किया और उपलब्ध स्टॉक का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की आवश्यकता के अनुरूप खाद की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं, निर्माण कार्यों तथा कृषि संसाधनों के बेहतर संचालन के लिए समन्वित प्रयास करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।