मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के निराकरण पर सवाल, शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
जशपुर जिले के कोतबा नगर पंचायत में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज सड़क निर्माण संबंधी शिकायत के निराकरण को लेकर शिकायतकर्ता ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बिना पक्ष सुने और वास्तविक समाधान किए शिकायत का निस्तारण दर्ज कर दिया गया। मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. लक्ष्मी नारायण जांगडे, जशपुर l मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की कार्यप्रणाली को लेकर जशपुर जिले के नगर पंचायत कोतबा में सवाल खड़े हुए हैं। वार्ड क्रमांक 13 में अधूरे सीसी रोड निर्माण से जुड़ी शिकायत के मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बिना उनका पक्ष सुने और बिना वास्तविक समाधान किए शिकायत का निस्तारण दर्ज कर दिया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा की मांग की है।
शिकायतकर्ता लक्ष्मी नारायण जांगड़े के अनुसार, उन्होंने 10 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत क्रमांक CC260600004066 दर्ज कराई थी। शिकायत में वार्ड क्रमांक 13 के सरनामुडा से मंडी तक अधूरे पड़े सीसी रोड का निर्माण पूरा कराने की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि लगभग दो महीने बाद हेल्पलाइन पर संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि संबंधित भूमि निजी होने के कारण सड़क निर्माण संभव नहीं है और मामला लंबित बताया गया। उनका आरोप है कि इस दौरान न तो उन्हें किसी बैठक के लिए बुलाया गया और न ही फोन पर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता ने यह भी सवाल उठाया कि यदि संबंधित भूमि निजी है, तो वर्ष 2018 और वर्ष 2024 में उसी मार्ग पर लगभग 100-100 मीटर सड़क निर्माण किस आधार पर कराया गया। उनका कहना है कि इस स्थिति से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों का भी कहना है कि इसी सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में सुशासन तिहार के दौरान भी आवेदन दिया गया था, जिसे रिकॉर्ड में निराकृत बताया गया, जबकि मौके पर समस्या अब भी बनी हुई है। उनका आरोप है कि शिकायतों का समाधान कागजों में दिखाया जा रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति अलग है।
शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने, शिकायत के तथ्यों का सत्यापन करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का उद्देश्य केवल शिकायतों का आंकड़ा कम करना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।