भाजयुमो जिलाध्यक्ष उमंग पाण्डेय ने शानदार बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का जताया आभार

भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष उमंग पाण्डेय ने केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत के अनुरूप संतुलित और दूरदर्शी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद किया। उन्होंने इसे युवाओं, किसानों और आम नागरिकों के लिए लाभकारी बजट बताया।

Feb 1, 2026 - 18:33
Feb 1, 2026 - 18:56
 0  20
भाजयुमो जिलाध्यक्ष उमंग पाण्डेय ने शानदार बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का जताया आभार

UNITED NEWS OF ASIA.कवर्धा | भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष उमंग पाण्डेय ने केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला शानदार और संतुलित बजट बताते हुए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री  निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट देश के समग्र विकास की स्पष्ट दिशा तय करता है और प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उमंग पाण्डेय ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट भारत के विकास के लिए एक मजबूत विजन को दर्शाता है, जिसमें सभी सेक्टरों को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण और लाभकारी घोषणाएं की गई हैं। यह बजट आम जनता, युवा वर्ग, किसानों, छोटे उद्योगों और उद्यमियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला है।

उन्होंने बताया कि आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत देते हुए नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की गई है, जिससे देश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी। इसके साथ ही आर्थिक सुधारों पर विशेष जोर देते हुए आयकर अधिनियम को सरल बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं, जिससे करदाताओं को राहत मिलेगी और व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी।

उमंग पाण्डेय ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को भी बड़ी प्राथमिकता दी गई है। डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में उपयोग होने वाली दवाइयों को सस्ता करने की घोषणा से लाखों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके ऊपर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा। यह फैसला आम परिवारों के लिए राहत लेकर आने वाला है।

उन्होंने बताया कि मेक-इन-इंडिया अभियान को और मजबूत करने के उद्देश्य से भारत में निर्मित स्मार्टफोन और टैबलेट के दामों में कमी आने की संभावना है। इससे न केवल घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी किफायती दरों पर इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। यह कदम भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि बजट में खेल इक्विपमेंट पर भी विशेष फोकस किया गया है, जिससे युवाओं को खेल से जुड़ा सामान सस्ती दरों पर उपलब्ध हो सकेगा और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही पशुपालन, कृषि एवं लघु उद्योगों से संबंधित कई लाभकारी घोषणाएं की गई हैं, जिनसे किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आय बढ़ेगी और आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।

अंत में उमंग पाण्डेय ने कहा कि यह बजट युवाओं के हित में दूरगामी और प्रभावशाली सिद्ध होगा। उन्होंने इस शानदार और विकासोन्मुखी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।