दूरदर्शी बजट से विकसित भारत की मजबूत नींव रखी गई – अतुल पर्वत
भाजपा युवा नेता अतुल पर्वत ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, क्रिटिकल मिनरल्स और रोजगार सृजन को मजबूत करने वाला बजट बताया।
UNITED NEWS OF ASIA.भुवाल रोहिताश, दुर्ग | भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता श्री अतुल पर्वत ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार देने वाला और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बजट है।
अतुल पर्वत ने कहा कि यह बजट विकास को केंद्र में रखकर बनाया गया है, जिसमें पब्लिक कैपिटल एक्सपेंडिचर को बढ़ावा देकर बुनियादी ढांचे को सशक्त करने की ठोस पहल की गई है। सड़क, रेल, लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश से न केवल कनेक्टिविटी मजबूत होगी बल्कि देशभर में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर विशेष फोकस भारत को आत्मनिर्भर बनाने और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अग्रणी भूमिका निभाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि यह बजट युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने वाला है और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता देता है। मेडिकल टूरिज्म जैसे रोजगार सृजन करने वाले क्षेत्रों को बढ़ावा देना देश की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अर्थव्यवस्था के लिए भी लाभकारी साबित होगा।
अतुल पर्वत ने कहा कि क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ एलिमेंट्स पर विशेष ध्यान देना समय की मांग है। ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में रेयर अर्थ कॉरिडोर की घोषणा से माइनिंग, प्रोसेसिंग, रिसर्च एवं डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे और देश की खनिज सुरक्षा भी मजबूत होगी। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए क्रिटिकल मिनरल्स की प्रोसेसिंग के लिए कैपिटल गुड्स पर कस्टम ड्यूटी हटाना एक रणनीतिक और दूरदर्शी निर्णय है।
उन्होंने कहा कि विशेष आर्थिक क्षेत्रों (एसईजेड) को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उनके उत्पादों की सीमित बिक्री घरेलू बाजार में करने की अनुमति देना उद्योग जगत के लिए बड़ा प्रोत्साहन है। इसके साथ ही क्लाउड कंपनियों को 2047 तक टैक्स हॉलिडे, बायोफार्मा शक्ति योजना के माध्यम से भारत को वैश्विक बायोफार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की पहल और मरीन, टेक्सटाइल व लेदर जैसे निर्यात क्षेत्रों को कस्टम ड्यूटी में राहत देने जैसे कदम भारत की उत्पादन क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
अतुल पर्वत ने कहा कि यह बजट बिना किसी लोकलुभावन घोषणा के भविष्य आधारित सेक्टरों जैसे सेमीकंडक्टर पर विशेष जोर देता है। यह बजट निश्चित रूप से आने वाले वर्षों में देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और विकसित भारत की नींव को सुदृढ़ करने वाला साबित होगा।