विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम है केंद्रीय बजट 2026-27 : जसविंदर बग्गा

कवर्धा में भाजपा नेता जसविंदर बग्गा ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ाने वाला दूरदर्शी बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग को साथ लेकर चलने वाला है।

Feb 1, 2026 - 18:27
 0  7
विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम है केंद्रीय बजट 2026-27 : जसविंदर बग्गा

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। देश की माननीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जसविंदर बग्गा ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और सशक्त भारत की स्पष्ट रूपरेखा है। उन्होंने इसे विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक ठोस और मजबूत कदम बताया।

जसविंदर बग्गा ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला है। बजट में पूंजीगत व्यय को और बढ़ाया गया है, जिससे सड़क, रेल, बिजली, आवास और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य होंगे। इसका सीधा लाभ देश के युवाओं को रोजगार के रूप में मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में यह बजट ऐतिहासिक साबित होगा। नई रेल परियोजनाएं, हाई-स्पीड कॉरिडोर और मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से देश की रफ्तार तेज होगी। इससे व्यापार सस्ता होगा और आम नागरिक का समय भी बचेगा।

जसविंदर बग्गा ने कहा कि यह बजट मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला है। सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, बायोटेक्नोलॉजी और नई तकनीकों पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे भारत केवल उपभोक्ता नहीं बल्कि वैश्विक उत्पादन केंद्र के रूप में उभरेगा।

उन्होंने बताया कि छोटे उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। बजट में एमएसएमई सेक्टर के लिए विशेष फंड, सस्ती वित्तीय सहायता और आसान नियमों की व्यवस्था की गई है, ताकि छोटे उद्यमी आगे बढ़ सकें और नए रोजगार के अवसर पैदा हों।

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर जसविंदर बग्गा ने कहा कि यह बजट आम जनता के लिए राहत लेकर आया है। कई जीवन रक्षक दवाइयों को सस्ता किया गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि इलाज किसी पर बोझ नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी और मानवीय बनाने की दिशा में भी यह बजट एक मजबूत पहल है। ईमानदार करदाताओं को सहूलियत, प्रक्रियाओं में सरलता और अनावश्यक बोझ से राहत इस बजट की प्रमुख सोच है।

महिलाओं और युवाओं के लिए यह बजट आत्मनिर्भरता का बजट है। कौशल विकास, शिक्षा, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनाने की दिशा में काम किया गया है।

जसविंदर बग्गा ने कहा कि यह बजट केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले 25 वर्षों के भारत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया विश्वास, विकास और विजन का बजट है।