उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान में सहभागिता की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। दीपों की रोशनी से पुलिस परेड ग्राउंड का पूरा परिसर जगमगा उठा। आयोजन के माध्यम से सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, संभागायुक्त सुनील जैन, सीसीएफ मनोज पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जनसेवा से जुड़ी यात्रा बताया और कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम जनभागीदारी का उदाहरण है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए इनके माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।
अरुण साव ने महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण है और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम इसी सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान भी किया। उन्होंने शहर और जिले को स्वच्छ रखने में स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना की। इस दौरान स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश भी दिया गया।
बिलासपुर के अलावा जिले के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप जलाए गए। जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। वहीं विभिन्न गांवों में भी 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए।
शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए गए। महिला स्व-सहायता समूहों ने भी दीप प्रज्वलन में सहभागिता की। जल जनसेवा संकल्प के तहत बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप जलाए गए। जिलेभर में लगभग 10 लाख दीपों के प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।