बस्तर में सात लाख से अधिक दीपों से रोशन हुआ अंचल, मां दंतेश्वरी मंदिर में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बस्तर में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर में दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। मंदिर परिसर में सवा लाख समेत पूरे बस्तर में सात लाख से अधिक दीप जलाए गए।

Sep 18, 2026 - 11:23
 0  2
बस्तर में सात लाख से अधिक दीपों से रोशन हुआ अंचल, मां दंतेश्वरी मंदिर में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

UNITED NEWS OF ASIA. बस्तर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महीनेभर चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर पूरे बस्तर में सात लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सवा लाख दीप जलाए गए, जबकि जगदलपुर शहर में ढाई लाख से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में साढ़े चार लाख दीप प्रज्वलित किए गए।

मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की जनता ने दीप प्रज्वलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता और आशीर्वाद व्यक्त किया है। उन्होंने बस्तर में शांति और विकास की दिशा में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए सुरक्षा बलों के साथ आम जनता के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।

विजय शर्मा ने अपने बस्तर भ्रमण के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में लंबे समय तक हिंसा और नक्सलवाद की चुनौती रही, वहां अब पारंपरिक संस्कृति, महुआ की खुशबू और मेलों-मड़इयों की रौनक लौट रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अब अधिक बेखौफ होकर अपने आराध्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना और पारंपरिक आयोजनों में शामिल हो पा रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों के साहस और जनसहयोग का उल्लेख करते हुए नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलताओं की बात कही।

उन्होंने झीरम के शहीदों को न्याय दिलाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। विजय शर्मा ने कहा कि पुराने मामलों से संबंधित जानकारियां संकलित कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 के बाद देश में हुए विभिन्न नीतिगत बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में विस्तार की जानकारी देते हुए एमबीबीएस सीटों की संख्या में वृद्धि और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार का जिक्र किया। उन्होंने दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज शुरू होने तथा देश में एम्स की संख्या बढ़ने की जानकारी भी साझा की।

विजय शर्मा ने धारा 370 के प्रावधानों में बदलाव, सर्जिकल एवं एयर स्ट्राइक तथा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे विषयों का भी उल्लेख किया और इन्हें केंद्र सरकार की नीतिगत दिशा से जोड़ा। उन्होंने देश में विकास और जनभागीदारी को आगे बढ़ाने की बात कही।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे और जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने भी बस्तर में शांति, विकास और रोजगार के नए अवसरों को लेकर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, संभाग आयुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे। दीपों की रोशनी के बीच सेवा, जनभागीदारी और बस्तर के विकास का संकल्प दोहराया गया।