भिलाई में घरेलू काम करने वाली महिला ने की चोरी, 35 ग्राम सोने के गहने बरामद
भिलाई के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में घरेलू काम करने वाली महिला बबीता विनिया को पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसने 5 माह में घर से करीब 35 ग्राम सोने के जेवर चोरी कर गलवाकर नए गहने बनवा लिए थे। पुलिस ने उसके पास से लगभग 6 लाख रुपए की जप्ती की है।
UNITED NEWS OF ASIA. विष्णु, भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक घरेलू काम करने वाली महिला ने अपने ही मालिक के घर से सोने के गहनों की चोरी कर ली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला थाना पुरानी भिलाई का है, जहाँ प्रार्थी विजय कुमार (भिलाई-3 निवासी) ने 4 नवम्बर को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी की अलमारी में रखे सोने के गहने गायब हो गए हैं। गहनों में सोने की अंगूठियाँ, गले का सेट, चेन, टॉप्स, चूड़ियाँ और अन्य आभूषण शामिल थे। अनुमानित तौर पर करीब 4 लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी हुए थे।
पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच में पता चला कि बबीता विनिया (33 वर्ष) नाम की महिला पिछले दो वर्षों से प्रार्थी के घर में घरेलू काम कर रही थी। प्रार्थी को उसी पर शक था। जब पुलिस ने बबीता से पूछताछ की, तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बबीता ने लालच में आकर पिछले पांच महीनों से अलमारी से थोड़े-थोड़े गहने चोरी करना शुरू कर दिया था। चोरी किए गए गहनों को उसने पावर हाउस क्षेत्र के एक ज्वेलर्स रमेश सोनी और भिलाई-3 बाजार चौक के सनी सोनी से गलवाकर नए जेवर बनवा लिए थे।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी महिला के घर पर छापा मारकर लगभग 34.790 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) भी जप्त की गई। कुल जब्ती की राशि लगभग 6 लाख रुपये है।
जप्त किए गए गहनों में —
02 नग पसिया (1.50 ग्राम), 01 नग पसिया (3.140 ग्राम), 01 नग पसिया (4.770 ग्राम), जुल्फी की दो जोड़ियाँ (10.6 ग्राम), सोने के टॉप्स (1.700 ग्राम), दो अंगूठियाँ (8.100 ग्राम) और एक सोने की चेन (4.980 ग्राम) शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला बबीता विनिया पति हीरालाल विनिया, निवासी कैलाश धाम के पास, पुरानी भिलाई, को गिरफ्तार कर धारा 306, 317(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला न केवल विश्वासघात का है बल्कि यह दर्शाता है कि घरेलू कार्य में लगे लोगों पर निगरानी रखना आवश्यक है। पुलिस ने दोनों ज्वेलर्स से भी पूछताछ कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुरानी भिलाई पुलिस की तत्पर कार्रवाई से यह मामला कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया, जिससे स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है।