01 करोड़ 17 लाख की लागत से बाम्हनटोला और बंदौरा में सड़क निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन

कबीरधाम जिले के ग्राम बाम्हनटोला और बंदौरा में 01 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से शुरू हो रहे इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन और आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी।

Jan 16, 2026 - 11:22
 0  8
01 करोड़ 17 लाख की लागत से बाम्हनटोला और बंदौरा में सड़क निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | जिले में ग्रामीण विकास को गति देते हुए कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बाम्हनटोला और ग्राम बंदौरा में सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कुल 01 करोड़ 17 लाख 12 हजार रुपये की लागत से प्रारंभ हो रहे इन विकास कार्यों से ग्रामीणों की आवागमन सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा और दैनिक जीवन की कई समस्याओं से राहत मिलेगी।

ग्राम बाम्हनटोला में 75 लाख 47 हजार रुपये की लागत से 900 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के बन जाने से गांव का सीधा संपर्क मुख्य मार्ग से स्थापित होगा, जिससे ग्रामीणों को बाजार, विद्यालय, अस्पताल और शहरी क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों के लिए यह निर्माण कार्य बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

इसी प्रकार ग्राम बंदौरा में मुख्यमंत्री गौरवपथ योजना के अंतर्गत 41 लाख 65 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस निर्माण से गांव में जल निकासी की समस्या का समाधान होगा तथा स्वच्छ, मजबूत और टिकाऊ सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बरसात के मौसम में होने वाली परेशानी से भी ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से इन दोनों गांवों के लिए सड़क निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का स्तर और अधिक सुदृढ़ होगा।

उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा द्वारा कवर्धा विधानसभा के गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शहर के वार्डों से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक समान रूप से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत कबीरधाम जिले में कुल 28 ग्रामीण सड़कों को स्वीकृति मिली है, जिनकी कुल लंबाई 55.17 किलोमीटर है। इन कार्यों के लिए 3,877.89 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। योजना के तहत एक सड़क का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 27 सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  संतोष पटेल,  लालाराम साहू,  परदेशी पटेल,  बीरसिंह पटेल,  बिहारी धुर्वे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।