राज्योत्सव समारोह में जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी, जनप्रतिनिधियों व आमजन ने किया अवलोकन

बालोद में आयोजित तीन दिवसीय रजत राज्योत्सव समारोह के अवसर पर जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई शासन की योजनाओं और जिला प्रशासन की उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, कलेक्टर, एसपी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की।

Nov 4, 2025 - 19:19
 0  33
राज्योत्सव समारोह में जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी, जनप्रतिनिधियों व आमजन ने किया अवलोकन

UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद। जिला मुख्यालय बालोद के स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में 02 से 04 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय रजत राज्योत्सव समारोह में जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रदर्शनी में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले में प्रशासन द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धियों को प्रभावशाली रूप में प्रदर्शित किया गया।

 

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर राज्य अनुसूचित जाति प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, पूर्व विधायक श्री राजेंद्र राय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख एवं केसी पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर  दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक  योगेश कुमार पटेल, वन मंडल अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर  चंद्रकांत कौशिक एवं  नूतन कंवर, एडिशनल एसपी  मोनिका ठाकुर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचे आम नागरिकों और विद्यार्थियों ने भी राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को दर्शाने वाले छायाचित्रों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री जनकल्याणकारी कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, सशक्त महिला समूहों की उपलब्धियाँ, कृषि नवाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियाँ सहित कई विषयों पर जानकारी दी गई थी।

जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि श्री कोर्सेवाड़ा और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रदर्शनी के विषयों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य जिले में हो रहे विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग शासन की योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इस दौरान जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी — सहायक ग्रेड-03 श्री मनीष कुमार यादव, सोशल मीडिया समन्वयक श्री तनवीर खान, श्री राजेन्द्र कुंजाम, श्री कृष्णशरण साहू, श्री घनश्याम चन्द्राकर, श्री हुलेश रजक एवं श्री सुरेन्द्र साहू सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में आमजन की भारी उपस्थिति यह दर्शाती है कि लोगों में शासन की योजनाओं और उपलब्धियों के प्रति उत्सुकता बढ़ी है। इस आयोजन ने न केवल राज्योत्सव की गरिमा बढ़ाई, बल्कि जिला जनसंपर्क विभाग बालोद की सक्रिय भूमिका को भी एक नई पहचान दी।