चांदनी बिहारपुर को मिली नई एम्बुलेंस, लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई हरी झंडी

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से नई एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई इस सुविधा से 28 ग्राम पंचायतों के 39 हजार से अधिक लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Jul 30, 2026 - 11:04
 0  3
चांदनी बिहारपुर को मिली नई एम्बुलेंस, लक्ष्मी राजवाड़े ने दिखाई हरी झंडी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से नई एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ क्षेत्रों तक भी बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना जीवन रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए।

लगभग 18 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई यह नई एम्बुलेंस अब चांदनी बिहारपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाएगी। इस सुविधा से क्षेत्र की 28 ग्राम पंचायतों में निवास करने वाले 39 हजार 325 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

अब तक क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा प्रसव जैसी आपात स्थिति में उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार समय पर वाहन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई एम्बुलेंस सेवा शुरू होने के बाद मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों तक शीघ्र पहुंचाना संभव हो सकेगा।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। नई एम्बुलेंस इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और प्रभावशीलता को मजबूत करेगी।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन स्थिति में समय पर उपचार मिल सकेगा तथा स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

नई एम्बुलेंस सेवा को ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।