बालोद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो ढाबों से अवैध शराब जब्त; नशे में वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा
बालोद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुरूर के साहू ढाबा और बिटोडा के हाईवे ढाबा में दबिश दी। दोनों स्थानों से बिक्री के लिए रखी गई अवैध मदिरा जब्त कर दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 49 मोटरयान अधिनियम के प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें शराब के नशे में वाहन चलाने के 5 मामले शामिल हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में बालोद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जिले में ढाबों पर एक साथ दबिश दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी गुरूर माया शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम और थाना पुरूर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग ढाबों से अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई देशी मदिरा बरामद की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई एनएच-30 मार्ग स्थित साहू ढाबा, ग्राम पुरूर में की गई। थाना पुरूर पुलिस की टीम ने ढाबा परिसर में जांच के दौरान अवैध शराब बरामद की। मामले में कुम्हारखान निवासी जगत राम साहू, उम्र 28 वर्ष, के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अवैध रूप से शराब रखने और बिक्री से संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की।
इसी क्रम में ग्राम बिटोडा स्थित हाईवे ढाबा में भी पुलिस टीम ने दबिश दी। यहां ढाबा परिसर में बिक्री के लिए रखी गई देशी मदिरा बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। मामले में बिटोडा निवासी शुभम सालुंके, उम्र 25 वर्ष, के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही बालोद पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 49 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इनमें मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने के 5 मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
संयुक्त कार्रवाई में निरीक्षक नवीन बोरकर, निरीक्षक मुकेश सिंह, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा, सूबेदार अखिलेश सिंह, निरीक्षक सोन सिंह सोरी, उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू, PSI चित्ररेखा खांडे, सहायक उप निरीक्षक अनिल राजपूत, सहायक उप निरीक्षक अजित महोबिया, सहायक उप निरीक्षक लता तिवारी और सहायक उप निरीक्षक देवकुमारी की विशेष भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों और ढाबा संचालकों से अवैध रूप से शराब का विक्रय, भंडारण या सेवन नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है, इसलिए वाहन चालकों को नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए। पुलिस ने नागरिकों से अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील भी की है। अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।