आम्बी गांव में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण, ग्राम विकास में सक्रिय भागीदारी पर जोर

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा आलीराजपुर जिले के सोंडवा विकासखंड के ग्राम आम्बी में प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के कार्यों में समितियों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।

Mar 15, 2026 - 17:52
 0  6
आम्बी गांव में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण, ग्राम विकास में सक्रिय भागीदारी पर जोर

UNITES NEWS OF ASIA. मुस्तकीम मुगल,। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिला आलीराजपुर के विकासखंड सोंडवा के आम्बी गांव में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता अरविन्द कनेश द्वारा लक्ष्मी माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच झझाड़िया किराड़ ने की।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर प्रस्फुटन समितियों को सशक्त बनाना और उन्हें ग्राम विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अवधारणा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही समिति के कार्यों की रूपरेखा और आवश्यक दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया भी समझाई गई।

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की संगठन अध्यक्ष एवं सदस्य महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों को बताया गया कि संगठित प्रयासों के माध्यम से समितियां गांव में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा सकती हैं। इसके साथ ही आदर्श ग्राम की संकल्पना तथा समिति द्वारा किए जाने वाले नवाचारों पर भी चर्चा की गई।

प्रशिक्षण में पर्यावरण संरक्षण पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान जल–जंगल–जमीन के महत्व तथा ग्राम समाज में जनजागरण और सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रस्फुटन समितियां सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

समिति सचिव दिनेश मोरी ने आगामी जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 19 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों द्वारा बैठक, संगोष्ठी, जनजागरण रैली, जल संरक्षण से संबंधित प्रतियोगिताएं, जागरूकता कार्यक्रम, तालाब गहरीकरण तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में परामर्शदाता प्रभारी दसरथ तोमर एवं अरविन्द कनेश भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन दसरथ तोमर, योगदीप कनेश, मुनीमदास साहेब तथा संतोष परमार (पूर्व जनपद सदस्य) द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष, सचिव, नवांकुर सखी, सदस्यगण सहित ग्राम के अनेक नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण के अंत में अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा सभी से ग्राम विकास और जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।