आत्मनिर्भर शहर मंडल बैठक संपन्न, भाजपा संगठन मजबूती पर हुआ मंथन
बालोद में भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल की “आत्मनिर्भर शहर मंडल” बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा हुई। नवनियुक्त प्रभारी सुरेंद्र देशमुख सहित वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद। भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल द्वारा “आत्मनिर्भर शहर मंडल” विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय, सशक्त और जनहित के कार्यों में प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना तथा कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों और अभियानों के लिए तैयार करना रहा।
बैठक में भाजपा शहर मंडल के नवनियुक्त प्रभारी एवं जिला भाजपा मंत्री सुनील साहू के नेतृत्व में संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि “आत्मनिर्भर शहर मंडल” बैठक अब प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि संगठन की गतिविधियों की निरंतर समीक्षा और कार्ययोजना तैयार की जा सके।
बैठक में मुख्य रूप से जिला भाजपा मंत्री सुरेंद्र देशमुख ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर सक्रिय रहेगा, तो संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता यज्ञदत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ संगठनात्मक कार्यों में भाग लेने की अपील की। वहीं जिला मंत्री निशा योगी ने महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया।
बैठक में संगठन के विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान, सदस्यता विस्तार और सामाजिक कार्यों में अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही मंडल स्तर पर नियमित बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन पर भी सहमति बनी।
बैठक में भाजपा शहर मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कुल 84 कार्यकर्ताओं की अपेक्षित उपस्थिति में 40 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता दर्ज कराई। बैठक के अंत में संगठन हित में मिलकर कार्य करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।