सुशासन तिहार 2026: खड़गवां में जनसमस्याओं का मौके पर समाधान, मंत्री जायसवाल बोले—सरकार अब गांव-गांव तक पहुंच रही

एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड के ग्राम मझौली में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया और हितग्राहियों को कई योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार अब सीधे गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रही है।

May 7, 2026 - 19:27
 0  2
सुशासन तिहार 2026: खड़गवां में जनसमस्याओं का मौके पर समाधान, मंत्री जायसवाल बोले—सरकार अब गांव-गांव तक पहुंच रही

UNITED NEWS OF ASIA. हेमंत कुमार l एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड स्थित ग्राम मझौली में आयोजित “गांव-गांव, द्वार-द्वार सुशासन तिहार 2026” के तहत जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।

इस शिविर में आसपास की 10 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। सुबह से ही ग्रामीण अपनी समस्याओं और मांगों से जुड़े आवेदन लेकर शिविर स्थल पहुंचे। प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां अधिकारी उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे और तत्काल समाधान की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान मंत्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अब केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और उनका समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मंत्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों की शिकायतों का समय पर निराकरण हो।

शिविर में कुल 392 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य, रोजगार और वन अधिकार से जुड़े कई आवेदन शामिल थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। कई ग्रामीणों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वन अधिकार पट्टा और जॉब कार्ड प्रदान किए गए। लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार प्रशासन गांव तक पहुंचकर सीधे उनकी समस्याएं सुन रहा है।

शिविर में एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र लोगों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के शिविरों से उन्हें काफी राहत मिल रही है, क्योंकि अब समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ रहा। प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित यह शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की पहुंच बढ़ाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।