वन मंत्री केदार कश्यप की पहल से रायपुर के 70 वार्डों में पहुंचेगी हरियाली
वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर रायपुर के सभी 70 वार्डों में 'नेचर्स ए.टी.एम.' के माध्यम से निःशुल्क पौधों का वितरण शुरू किया गया है। यह अभियान "एक पेड़ माँ के नाम" और "हरियर छत्तीसगढ़" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना "हरियर छत्तीसगढ़" और "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को नई गति देने के उद्देश्य से वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में 'नेचर्स ए.टी.एम.' (Nature's ATM) के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना और प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से 'नेचर्स ए.टी.एम.' वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। रायपुर वनमंडल द्वारा संचालित यह चलित पौधा वितरण वाहन शहर के सभी 70 वार्डों में पहुंचकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। इस पहल का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
'नेचर्स ए.टी.एम.' के माध्यम से नागरिकों को फलदार, छायादार और अधिक ऑक्सीजन प्रदान करने वाली विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण कराना नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। वन विभाग का मानना है कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो शहर की हरियाली और पर्यावरण संतुलन को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे मूल्यवान धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा मातृभक्ति के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का भी सशक्त संदेश देता है। 'नेचर्स ए.टी.एम.' जैसी अभिनव पहल से हरियाली सीधे आम नागरिकों तक पहुंचेगी और रायपुर को अधिक स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ शहर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। अधिक से अधिक पौधारोपण और उनके संरक्षण से ही भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में वन विभाग और रायपुर वनमंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वन विभाग ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे 'नेचर्स ए.टी.एम.' से निःशुल्क पौधे प्राप्त करें, "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ें और हरियर छत्तीसगढ़ के संकल्प को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।