मिली जानकारी के अनुसार शिव कुमार सिंह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि वह चिचोला जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था और पहले एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने का प्रयास कर रहा था। ट्रक के नहीं रुकने पर उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार लोगों को रोकने का प्रयास किया।
इसी दौरान स्कूटी सवार युवकों और शिव कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार स्कूटी पर तीन लोग सवार थे, जिनमें दो युवक और एक युवती शामिल थी। विवाद के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने शिव कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके बाएं पैर में सामने की ओर जांघ के ऊपर लगा। हमले के बाद शिव कुमार घायल होकर मौके पर गिर गया।
घटना के बाद स्कूटी सवार आरोपी नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की ओर भाग निकले और टाउनशिप की दिशा में फरार होने की जानकारी सामने आई है। घटना के समय शिव कुमार के साथ मौजूद उसके दोस्त ने आरोपियों के वाहन का नंबर देखने की कोशिश की, लेकिन वह नंबर नोट नहीं कर सका। इससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में चुनौती आ रही है।
चाकू लगने के बाद शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए हाईटेक अस्पताल ले जाया गया। हाईटेक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद मामले को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सुपेला थाना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस वारदात के समय घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी अंडरब्रिज के रास्ते टाउनशिप की ओर फरार हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। मृतक के साथ मौजूद दोस्त और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।