10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, बेमेतरा के 3.89 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेन्डाजॉल की दवा
बेमेतरा जिले में 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के 3,89,937 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेन्डाजॉल की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। छूटे हुए बच्चों को 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर दवा दी जाएगी।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l जिले में बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाने के उद्देश्य से 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेन्डाजॉल की कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। जिले में कुल 3,89,937 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों, नवोदय विद्यालय, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, आईटीआई, महाविद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मितानिन कार्यकर्ताओं की टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उम्र के अनुसार दी जाएगी दवा
अभियान के दौरान बच्चों की उम्र के अनुसार एल्बेन्डाजॉल की निर्धारित मात्रा दी जाएगी। 1 से 2 वर्ष की आयु के बच्चों को आधी गोली चूरा करके, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को एक पूरी गोली चूरा करके तथा 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एक पूरी गोली चबाकर खिलाई जाएगी। अभियान के दौरान संबंधित विभागों द्वारा बच्चों तक दवा पहुंचाने और कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी।
कृमि संक्रमण से स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े ने बताया कि बच्चों में कृमि संक्रमण के कारण कुपोषण, खून की कमी, मानसिक विकास में कमी और लगातार थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कृमिनाशक दवा के सेवन से आंतों में मौजूद कृमियों को समाप्त करने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। बच्चों को नाखून छोटे रखने, खुले में रखे भोजन का सेवन नहीं करने, खुले में शौच से बचने और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत डालनी चाहिए। फल एवं सब्जियों को स्वच्छ पानी से अच्छी तरह धोकर और भोजन को उचित तरीके से पकाकर खाने की सलाह भी दी गई है।
17 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के सभी पालकों और जनसामान्य से अपील की है कि 10 अगस्त को अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र अथवा शासकीय या निजी विद्यालय में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेन्डाजॉल की कृमिनाशक दवा का सेवन अवश्य कराएं।
यदि कोई बच्चा किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा लेने से छूट जाता है, तो उसे 17 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस के अवसर पर दवा खिलाई जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने की अपील की है।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से जिले में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के साथ कृमि संक्रमण की रोकथाम का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने पालकों एवं आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता कर बेमेतरा को कृमिमुक्त बनाने में सहयोग की अपील की है।